
नई दिल्ली (19 सितंबर): ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ा बयान दिया है। माइकल क्लार्क ने कहा कि धोनी 2019 ही नहीं 2023 विश्व कप में भी टीम इंडिया की ओर से खेलने की क्षमता रखते हैं। क्लार्क से जब 2019 विश्व कप में धोनी के खेलने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आप मुझसे यह मत पूछिए कि धोनी 2019 विश्व कप में खेल पाएंगे या नहीं। वह 2023 का विश्व कप भी खेलेंगे।
उन्होंने कहा कि साल 2011 में अपनी कप्तानी में भारत को क्रिकेट विश्व कप का खिताब दिलाने वाले धोनी वर्तमान में अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में खेली गई उनकी 79 रनों की शानदार पारी इसकी गवाह है।
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को खेले गए पहले वनडे मैच में भारत के लिए धोनी ने 79 रनों और हार्दिक पांड्या ने 83 रनों की पारियां खेली थीं, जिसकी बदौलत भारतीय टीम जीत हासिल करने में सफल रही। दोनों के बीच 118 रनों की साझेदारी हुई थी। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ भी वनडे सीरीज में भारतीय टीम के लिए धोनी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी कहा है कि टीम को अगले विश्व कप टूर्नामेंट में धोनी की जरूरत है।
Post a Comment
Click to see the code!
To insert emoticon you must added at least one space before the code.